ईद-उल-फितर का पर्व सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। बड़ी ईदगाह बेनाझाबर में सुबह आठ बजे और 9:30 बजे ईद की नमाज अदा की गई। बड़ी ईदगाह में पहली जमात में मुफ्ती सुबहान इलाही और दूसरी में मौलाना अकरम इलाही पेश इमामत की। ईदगाह मसवानपुर में शहर काजी मुशाहिदी, जामा मस्जिद रावतपुर में मौलाना असगर अली यार अल्वी और गौसिया मस्जिद में मौलाना रिजवान कादरी ने नमाज अदा पढ़वाई।
इसके अलावा बाबूपुरवा, जाजमऊ, रावतपुर, नई सड़क, चकेरी, लालबंगला आदि जगहों की जामा मस्जिदों और मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। ईदगाह सुजातगंज और मास्टर अब्दुल करीम में पुरुष और महिलाओं ने एक पेश इमाम के पीछे ईद की नमाज अदा की।
ईद-उल-फितर
- फोटो : अमर उजाला
नमाज के समय मस्जिदों में अल्लाह की बारगाह में सैकड़ों सिर सजदे में झुके। लोगों ने देश में अमन चैन व खुशहाली के लिए दुआ मांगी। इसके बाद लोग एक-दूसरे से गले मिले और ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह मौलाना मो. हाशिम अशरफी ने पर्यावरण संरक्षण, बच्चों को तालीम, यतीमों, बेवाओं और बुजुर्गों का ख्याल रखने की अपील की। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सभी को ईद-उल-फितर की मुबारकबाद दी।
ईद-उल-फितर
- फोटो : अमर उजाला
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
ईद पर सुरक्षा के मद्देनजर शहर भर में धार्मिक स्थलों की निगरानी बढ़ा दी गई है। मस्जिदों के आसपास पुलिस, पीएसी, क्यूआरटी, एलआईयू का कड़ा पहरा रहा। सीसीटीवी कैमरों के साथ ही ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। व्यवस्था चाक चौबंद रखने के लिए जगह-जगह पुलिस कर्मी तैनात रहे।