कानपुर। लोक सेवा आयोग से चयनित दो डॉक्टरों की बर्खास्तगी के बाद ड्यूटी छोड़कर गए तीन डॉक्टरों को बुलाने का प्रयास किया जा रहा है। बिना सूचना दिए गए डॉक्टरों को तीन पत्र भेजे जा चुके हैं। साथ ही खाली हो चुके पदों के लिए आयोग को भी अधियाचन भेजा जाएगा।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि लोक सेवा आयोग से चयनित डॉक्टरों का स्थायी पद होता है। आयोग के चयन से भी रिक्त पदों को भरा जाएगा। साथ ही अगर कोई डाॅक्टर लौटकर आना चाहता है तो अच्छी बात है। कहा कि संविदा पर नियुक्त डॉक्टर जो गायब रहते हैं, उन पर भी लगाम कसी जाएगी। डॉ. काला ने बताया कि लोकसेवा आयोग से चयनित होकर आए न्यूरो सर्जन शाैर्य दुबे का प्रयागराज में नर्सिंगहोम है।
डॉ. वैभव शर्मा डीएम का कोर्स करने के लिए स्टडी लीव पर गए थे। इसके बाद नहीं आए और न ही किसी पत्र का जवाब दिया। शासन को बर्खास्तगी की सिफारिश का पत्र अप्रैल 2024 में भेजा गया था। कार्रवाई को देखते हुए अगर कोई लौटना चाहता है तो आ सकता है। संविदा पर नियुक्त डॉक्टर अगर कोताही करता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।