भूकंप के झटकों से शनिवार को कानपुर व आसपास का क्षेत्र भी दहल उठा। इस दौरान कानपुर में भूकंप के कुल 17 झटके महसूस किए गए। इसमें पहला झटका 17 सेकेंड व दूसरा 14 सेकेंड का रहा। इससे कई जिलों में जान-माल का नुकसान हुआ है।
भूकंप के चलते दहशत में चार महिलाओं समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर की कमरा ढहने से दबकर मौत हो गई। कानपुर में तमाम मोहल्लों के लोग दहशत के मारे घरों से निकलकर सड़कों और पार्कों में जमे रहे।
शिवली के रास्तपुर गांव में भूकंप के दौरान प्राथमिक स्कूल के बच्चे बाहर निकल गए। वे सामने बने कमरे के पास खड़े थे कि वह ढह गया। हादसे में छात्र अमन (12) पुत्र अंगनू की मौत हो गई, एक अन्य छात्र विजय (11) गंभीर रूप से घायल हो गया।
बर्रा के मेहरबान सिंह का पुरवा के बनपुरवा गांव में भूकंप से गांव में अफरातफरी मच गई। किशन लाल यादव (65) भी बाहर निकले और भागे। इसी दौरान वह अचेत होकर जमीन पर गिर गए व उनकी मौत हो गई। वहीं सचेंडी के उदयपुर गांव में सुंदारादेवी भूकंप के झटके से जमीन पर गिर गईं। उनके सिर में चोट लगी जिससे उनकी मौत हो गई।
उन्नाव के गंजमुरादाबाद में भूकंप की दहशत में सावित्री (40) नामक महिला छत से कूद गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शहर कोतवाली के बेहटा कच्छ मजरा जाल्हेपुर निवासी जयराम (35) एवं आशाराम (50) बाइक से जा रहे थे। भूकंप की दहशत में ट्रक से भिड़ गए। दोनों की मौके पर ही जान चली गई।
हमीरपुर के परहेटा में भूकंप के झटक से भूरी (58) पत्नी देवीदयाल की दहशत से मौत हो गई। फतेहपुर के रसूलपुर की सखी देवी (42) चक्कर खाकर गिर पड़ीं और मौत हो गई।