कानपुर देहात। दिन में तेज धूप खिलने व उमस रहने के बाद रविवार रात आठ बजे मौसम ने करवट ली। तेज धूल भरी आंधी के साथ जिले के कई क्षेत्रों में बारिश भी हुई। जिससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। बारिश के बाद मौसम में ठंडक घुल गई लेकिन आंधी और बारिश के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को रातभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दिनभर तेज धूप और उमस के बाद शाम तक मौसम सामान्य बना रहा। रात में आठ बजे तेज हवाएं चलने लगीं और धूल भरी आंधी ने रफ्तार पकड़ ली। इसके बाद जिले के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि तेज हवा और बारिश से कई स्थानों पर पेड़ों की डाल टूटकर गिर गईं और बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचा।
आंधी और बारिश के बाद मूसानगर, डेरापुर, रूरा और अकबरपुर समेत कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इन इलाकों में देर रात तक बिजली बहाल नहीं हो सकी। जिससे लोगों को गर्मी के साथ पेयजल की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के नोडल अधिकारी/कृषि मौसम तकनीकी अधिकारी डॉ अजय मिश्रा के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की औसत गति 5.6 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जबकि हवा की दिशा पूर्वी रही। बताया कि आगामी पांच दिनों तक आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने की संभावना है।