मेट्रो निर्माण की खोदाई के दौरान हरबंशमोहाल के एक मकान की फर्श धंस गई। करीब 15 फीट गहरा गड्ढा हो गया।कमरे में सो रहा एक होटल कर्मचारी इसी गड्ढे में गिर गया और मलबे में दबकर घायल हो गया। सूचना पर मेट्रो व पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन की। बताया जा रहा है कि मकान काफी पुराना है। बता दें सितंबर में भी मेट्रो कार्य के दौरान इसी मोहल्ले के एक मकान का छज्जा गिरने से शख्स घायल हो गया था।
हरबंशमोहाल में इस वक्त मेट्रो का काम तेजी से चल रहा है। रविवार शाम मकान नंबर 62/75 के निचले खंड के एक कमरे की फर्श अचानक धंस गई। फंश धंसने के साथ ही होटल कर्मचारी शंभुनाथ भी नीचे गिर गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और पुलिस को सूचना दी। मलबा हटाकर शंभुनाथ को निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। हाल में यहां मेट्रो ने सुरंग बनाई थी। फर्श गोलाई में धंसी है, आशंका जताई जा रही है कि यहां कोई कुआं रहा होगा। सूचना मिलने पर मेट्रो के प्रोजेक्ट मैनेजर डीके सिन्हा भी पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी से बात कर प्रभावित क्षेत्र की समस्या के निराकरण के लिए एक अधिकारी लगाने को कहा है।