Fatehpur News: बहुआ कोतवाली क्षेत्र में स्पार्किंग की वजह से डंपर में आग लग गई। चालक ने डंपर से कूदकर जान बचाई और देखते ही देखते डंपर आग का गोला बन गया।
फतेहपुर जिले के बहुआ कोतवाली क्षेत्र में गिट्टी लादकर जा रहा डंपर स्पॉर्किंग के चलते आग का गोला बन गया। डंपर में आग लगते ही चालक ने कूदकर कर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई तब तक डंपर पूरी तरह से जल चुका था।
विज्ञापन
हरदोई जनपद के शाहाबाद थाने के कुइयां गांव निवासी चालक हरिनाम (31) पुत्र श्रीराम कबरई से डंपर में गिट्टी लादकर श्रावस्ती जा रहा था। बुधवार की सुबह सात बजे जैसे ही ललौली थाना क्षेत्र के दतौली के समीप हरसोखरी मंदिर के पास बांदा-टांडा हाईवे में डंपर लेकर पहुंचा। तभी डंपर की केबिन के तारों में स्पार्किंग होने लगी और डंपर धू-धू कर जलने लगा।
चालक ने आनन फानन किसी तरह डंपर से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते डंपर आग का गोला बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने जल रहे डंपर में पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी बच्चे लाल प्रसाद ने बताया की डंपर में आग लग गई थी। दमकल की टीम बुलाकर आग बुझाई गई है।