जीटी रोड पर बगिया क्रासिंग के पास शनिवार शाम सड़क पर खुले पड़े चैंबर में एक साइकिल सवार गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे 108 एम्बुलेंस से हैलट पहुंचाया और बाद में परिजन उसे नर्सिंग होम ले गए।
सिर पर काफी चोट आने से युवक की हालत चिंताजनक है। दयानंद बिहार निवासी राजेश (37) शाम को घर से बाजार के लिए निकला था। बगिया क्रासिंग के पास सड़क पर गिट्टी पड़ी होने से साइकिल फिसल गई और वह किनारे खुले पड़े मैनहोल चैंबर में जा गिरा। चौंबर काफी गहरा है इसलिए स्थानीय लोग उसे काफी देर मशक्कत करके निकाल सके।
ओटोमोबाइल दुकान चलाने वाले अनुज ने बताया कि सूचना देने के बाद आधे घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं आई जबकि घटनास्थल और थाने में 200 मीटर की दूरी भी नहीं है। पुलिस से पहले एम्बुलेंस आ गई।
बाद में अस्पताल पहुंची पत्नी राधा, भाई अजय, पिता वीरपाल सिंह और बहन संगीता राजेश को निजी नर्सिंग होम ले गए। जहां राजेश की हालत गंभीर है।
तीन माह से खुला है चैंबर
स्थानीय निवासी जाकिर ने बताया यह चैंबर पिछले तीन महीने से खुला पड़ा है। ढक्कन बगल के पेट्रोल पंप पर रखा है। लेकिन, चैंबर बंद नहीं किया जा रहा। उन्होंने बताया रोड पर काम करने वालों से कई बार चैंबर बंद करने के लिए के लिए बोला। लेकिन हर बार टाल देते हैं।
नाला निर्माण में दीवार गिरी, मजदूर की मौत
कानपुर साउथ(ब्यूरो)। गोविंदनगर में नाला निर्माण के दौरान रेलवे की जर्जर दीवार ढहने से बारादेवी निवासी मजदूर अमन (22) की मौत हो गई। इंस्पेक्टर का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि गोविंदपुरी स्टेशन के पास सी ब्लाक में नगर निगम नाला निर्माण करा रहा है। निर्माण स्थल पर शाम को अचानक रेलवे कालोनी की जर्जर दीवार गिर पड़ी और अमन उसके नीचे दब गया। साथियों ने आनन-फानन मलबा हटाकर अमन को बाहर निकाला तो वह लहूलुहान था।
तुरंत उसे लेकर साथी मजदूर नजदीक के अस्पताल पहुंचे जहां से हैलट रेफर कर दिया गया। अमन के परिजन भी हैलट पहुंचे। हैलट में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इलाकाई लोगों का कहना है कि जर्जर दीवार पर बगैर किसी सुरक्षा के ठेकेदार नाले का निर्माण करा रहा था। जिसकी वजह से हादसा हुआ है। पुलिस के मुताबिक घरवालों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।