फर्जाबाद गांव में उड़ान भरता ड्रोन।
- फोटो : PUKHRANYA
पुखरायां। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के तीन गांवों में सोमवार को सर्वे ऑफ इंडिया की टीम ने ग्राम आबादी का ड्रोन से सर्वे किया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन पंकज वर्मा ने सर्वे की शुरुआत कराई। बताया कि इससे ग्राम समाज और आवासीय भूमि की सही पैमाइश होगी।
सोमवार को टुटुई खान गांव पहुंची सर्वे ऑफ इंडिया की टीम के श्याम राजक, मोहन चंद्र वलोनी, ओमवीर और ड्रोन ऑपरेटर अनूप कुमार ने अभिलेखीय सर्वे किया। एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा, एसडीएम दीपाली भार्गव, तहसीलदार रामशंकर वर्मा, नायब तहसीलदार मनीष द्विवेदी ने सर्वे की शुरुआत कराई। बताया कि ड्रोन से गांव की भूमि को कवर किया जाएगा।
सही भूमि के रिकॉर्ड से संपत्ति संबंधी विवादों को कम किया जा सकेगा। इससे राजस्व संग्रह को सुव्यवस्थित करके ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति अधिकारों पर स्पष्टता सुनिश्चित हो सकेगी। सर्वे से भूमि की पैमाइश के बाद भवन स्वामी को अभिलेखीय स्वामित्व दिया जाएगा। तहसीलदार ने बताया कि सोमवार को टुटुई खान, फर्जाबाद और हीरापुर गांवों का सर्वे कराया गया है।