झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में एक की मौत
- फोटो : गूगल
महोबा के कबरई में झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में ग्राम नहदौरा के समीप रविवार की सुबह सात बजे दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो जाने से एक ट्रक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि ट्रक में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल से मेडिकल कालेज झांसी रेफर किया गया है।
दुर्घटना के बाद दोनों ट्रक सड़क में आड़े तिरछे हो जाने के कारण दो घंटे तक जाम लगा रहा। जिससे सैकड़ों ट्रक और वाहन जाम में फंस गए। जनपद फतेहपुर के मोहल्ला राधानगर नईबस्ती निवासी रमेश कुमार (50) पुत्र जागेश्वर ट्रक लेकर पत्थरमंडी कबरई आ रहा था।
कबरई से गिट्टी लेकर जा रहा एक ट्रक जैसे ही ग्राम नहदौरा के पास पहुंचा तभी दोनों ट्रकों में आमने सामने टक्कर हो गई। जिससे रमेश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ट्रक में सवार अल्ताब हुसैन (30) व फरहान (24) निवासी गुरसराह सुल्तानपुर को गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिन्हें 108 नंबर एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। डाक्टरों ने हालत में सुधार न होने पर दोनों को झांसी रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद दोनों ट्रक हाईवे में आड़े तिरछे खड़े हो जाने के कारण आवागमन ठप हो गया। सुबह सात बजे से 9 बजे तक जाम लगा रहा।
ट्रकों की लंबी लाइन लग जाने और अन्य वाहनों के जाम में फंस जाने से यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बाद में पहुंची पुलिस ने क्रेन और पोकलेंड मशीनें बुलाकर ट्रकों को हाइवे से अलग कराया। तब करीब 9 बजे जाम खुल सका। जिसके बाद हाइवे में आवागमन सामान्य हो सका। दुर्घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा रहा।