Hardoi News: डॉ. शरद वैश्य को हरपालपुर सीएचसी में तैनाती दी गई है। हरपालपुर में महिला रोग विशेषज्ञ, सर्जन की तैनाती है, लेकिन निश्चेतक न होने के कारण यहां एफआरयू संचालित नहीं हो पा रही थी।
हरदोई जिले के संडीला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक रहे डॉ. शरद वैश्य ने अधीक्षक पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका इस्तीफा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोहताश कुमार ने स्वीकार कर लिया है। इसी क्रम में डॉ. शरद वैश्य को हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनाती दी गई है। डॉ. शरद निश्चेतक (बेहोशी के चिकित्सक) हैं और अब पिछले एक वर्ष से बंद हरपालपुर सीएचसी की एफआरयू (फस्ट रेफरल यूनिट) भी संचालित हो सकेगी।
विज्ञापन
संडीला सीएचसी के अधीक्षक रहे डॉ. शरद वैश्य ने बीते दिनों अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। सीएमओ तक पहुंचने से पहले ही इस्तीफा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस्तीफे में सीएमओ पर असहयोग करने समेत कई आरोप लगाए गए थे। खास बात यह है कि पूर्व में भी एक बार डॉ. शरद वैश्य ने पद से इस्तीफा दिया था, लेकिन नामंजूर कर दिया गया था।
इस बार सीएमओ ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। सीएमओ डॉ. रोहताश कुमार ने बताया कि चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश पाल भारती को सीएचसी संडीला का अधीक्षक बनाया गया है। शुक्रवार को डॉ. भारती ने डॉ. शरद से कार्यभार भी ग्रहण कर लिया। डॉ. शरद वैश्य को हरपालपुर सीएचसी में तैनाती दी गई है। हरपालपुर में महिला रोग विशेषज्ञ, सर्जन की तैनाती है, लेकिन निश्चेतक न होने के कारण यहां एफआरयू संचालित नहीं हो पा रही थी। डॉ. वैश्य की तैनाती से एफआरयू का संचालन हो सकेगा।