इटावा। जिले के दिल्ली पब्लिक स्कूल ने कानपुर डीपीएस में आयोजित यूपी स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में अंडर 15 आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण, पांच रजत, तीन कांस्य पदक जीतकर स्कूल और जिले को गौरवान्वित किया है। डीपीएस कानपुर में 10 से 13 अप्रैल तक यूपी स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप आयोजित की गई थी। इसमें पूरे उत्तर प्रदेश के ईस्ट, वेस्ट, नॉर्थ एवं साउथ जोन के विद्यालयों के 100 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था।
प्रधानाचार्या भावना सिंह ने बताया कि स्कूल की खेल प्रशिक्षिका व ताइक्वांडो कोच आराधना तिवारी के कुशल दिशा निर्देशन में इन चैंपियंस ने प्रदेश स्तर पर शानदार जीत दर्ज की है। कक्षा पांच की छात्रा रुद्राक्षी कुशवाहा ने स्वर्ण और कांस्य दो पदक अपने नाम किए। वहीं कक्षा सात की प्रियांशी वर्मा ने भी स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। इसी तरह कक्षा सात की ही श्रेयांशी ने भी अलग-अलग क्रम में प्रतिभाग करते हुए स्वर्ण और रजत पदक जीता।
कक्षा छह के आदित्य ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कक्षा नौ के आइरिश वर्मा ने रजत और आठ के इशित कुमार ने दो रजत पदक अपने नाम किए। कक्षा नौ के देवांश गुप्ता ने एक रजत तो कक्षा सात के पार्थ राज ने एक कांस्य पदक जीता। कक्षा नौ के अर्णव कुमार ने एक कांस्य पदक जीत लिया। चैयरमैन डॉ. विवेक यादव ने सभी चैंपियंस को उनकी शानदार जीत की बधाई और शुभकामनाएं दी। वाइस प्रेसिडेंट डॉ. प्रीति यादव व प्रधानाचार्य ने सभी पदकों के विजेताओं सहित विद्यालय की कोच को बधाई और शुभकामनाएं दी।