पुखरायां। दहेज में बाइक और दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर सिकंदरा कारहने वाला वर पक्ष बरात लेकर नहीं पहुंचा। समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
भोगनीपुर कस्बे के बहेरी कला गांव के रहने वाले अर्पित कटियार ने पुलिस को बताया कि बहन की शादी सिकंदरा थाना क्षेत्र के बुधौली गांव के रहने वाले विशाल बाबू के साथ तय की थी। 18 सितंबर 2020 को पुखरायां स्थित एक गेस्ट हाउस में गोद भराई व वरीक्षा का कार्यक्रम संपन्न हुआ था। इसके बाद 22 फरवरी 2021 को बारात आनी थी।
वर पक्ष ने बुलेट और दो लाख रुपये की मांग कर दी। मांग पूरी न होने पर वह बारात लेकर नहीं पहुंचे। काफी प्रयास के बाद भी शादी से इंकार कर दिया। पुलिस ने विशाल बाबू, पिता अजय कुमार उर्फ शिवकुमार, मां अनीता, चाचा जितेंद्र, चाची, ताऊ रामकुमार सहित रिश्तेदार राम आसरे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक रामबहादुर पाल ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।