रसूलाबाद। डूड़ा महुआ गांव के बाहर गुरुवार सुबह एक नवजात का शव सड़क किनारे मिला। इस दौरान कुत्ते शव को नोच रहे थे। इसकी जानकारी पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गांव के चौकीदार ने सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
डूड़ा महुआ गांव के चौकीदार राम लखन ने पुलिस को बताया कि गुरुवार सुबह जब वह थाने आ रहा था तो गांव के बाहर भीड़ एकत्र थी। मौके पर जाकर देखा तो एक नवजात का शव सड़क के किनारे पड़ा था।
ग्रामीणों के अनुसार नवजात का शव गांव के बाहर तालाब में पड़ा था। वहां से कुत्ता उसे उठाकर मंदिर के पास तक ले आए थे और शव नोच रहे थे। जानकारी पर ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाया। चौकीदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।