कानपुर। स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह शुक्रवार सुबह सर्वोदयनगर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां चार एएनएम मोबाइल चलाती मिलीं। एआरओ नीरज कुमार के अनुपस्थित मिलने पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।
सुबह 11 बजे पीएचसी पहुंचे डीएम को बाहर सन्नाटा पसरा मिला। ओपीडी कक्ष में डॉक्टर नहीं मिलीं। उपस्थिति पंजिका जांची तो डॉ. मधु अवकाश पर मिलीं जबकि उनके स्थान पर आने वाली डॉ. निधि निगम नदारद मिलीं। रजिस्टर में एक भी ओपीडी दर्ज नहीं थी। इस पर चिकित्सक से जवाब तलब करने के निर्देश दिए। इसके साथ सीएमओ कार्यालय से समायोजित अवकाश का पूरा ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा। वहीं एक कक्ष में चार एएनएम संजू, बीना, हेमलता व मेमसा अपनी-अपनी कुर्सियों पर बैठकर मोबाइल चलाते मिलीं जबकि उन्हें फील्ड में होना चाहिए था। डीएम ने सवाल किए तो कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई। लैब में सैंपल एंट्री शून्य मिली। (ब्यूरो)