शादाब की मौत पर रोते बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज जिले के मानीमऊ में घर के पास लगे खंभे के सपोर्ट वॉयर की करंट की चपेट में आए बच्चे को परिवार के लोग जिला अस्पताल ले गए, वहां डॉक्टर ने बगैर हाथ लगाए दूर से देखकर ही उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता ने डॉक्टर पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। मानीमऊ क्षेत्र के कपूरापुर गांव निवासी कुतबुद्दीन का बेटा शादाब (5) शुक्रवार शाम को करीब सात बजे घर के बाहर खेल रहा था। खेलते समय उसने बिजली के खंभेे में लगा सपोर्ट वॉयर पकड़ लिया।
सपोर्ट वायर में करंट आ रहा था। शादाब करंट की चपेट में आकर झुलस गया। परिजनों ने उसे किसी तरह करंट से बचाया और जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कुतबुद्दीन ने आरोप लगाया कि चिकित्सक ने शादाब को हाथ लगाए बिना ही मृत घोषित कर दिया। घर ले जाने पर शादाब की सांस चल रही थी, वहां कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
पिता का आरोप है कि अगर डॉक्टर ठीक से देख लेते तो इलाज शुरू हो जाता और शायद शादाब की जान बच जाती। सीएमएस डॉ. शक्ति वसु ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। अगर डॉक्टर ने लापरवाही बरती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।