तीन महीने से बंद पड़ा पिंक सामुदायिक शौचालय।
- फोटो : ORAI
माधौगढ़(जालौन)। राज्य वित्त योजना के अंतर्गत बस चौराहे पर दो साल पहले बनवाया गया पिंक सामुदायिक शौचालय तकरीबन तीन माह से बंद है। टैंक चोक होने से यह नौबत बनी है। इससे महिलाओं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत प्रभारी एसडीएम सालिकराम का कहना है कि टैंक साफ कराकर शौचालय को जल्द खोल दिया जाएगा।
राज्य वित्त योजना के अंतर्गत नगर पंचायत की ओर से वर्ष 2018-19 में 5.60 लाख रुपये की लागत से पांच सीटर पिंक सामुदायिक शौचालय बनवाया गया था। इस पर महिलाओं में खुशी जाहिर की थी। इलाकाई सीमा देवी का कहना है कि बस चौराहे पर दिल्ली, मध्यप्रदेश, अहमदाबाद के लिए बसों का आवागमन रहता है। दुकानदार टिंकू मिश्रा का कहना है कि तीन महीने से शौचालय बंद होने से महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।