सिविल सर्विसेज की तैयारी करने की चाहत रखने वाले पुरुष वर्ग में अल्पसंख्यक, एससी-एसटी के अलावा किसी भी समुदाय की महिला अभ्यर्थी के लिए काम की खबर है। जामिया मिलिया इस्लामिया (जेएमआई) दिल्ली की रेजिडेंशियल कोचिंग अकादमी (आरसीए) के लिए दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
बता दें कि आरसीए यूपीएससी की सिविल सर्विसेज परीक्षाओं की तैयारी कराती है। कोचिंग की शुरुआत के बाद से अब तक यहां से तैयारी करने वाले 190 प्रतियोगी सिविल सर्विसेज की परीक्षाओं में सफलता पा चुके हैं।
वर्ष 2018 में सिविल सर्विसेज में तीसरी रैंक हासिल करने वाले जुनैद अहमद ने यहीं से कोचिंग ली थी। इसके अलावा एकेडमी के 245 प्रतियोगी केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न सेवाओं में चयनित हो चुके हैं।
बता दें कि आरसीए सालाना 200 छात्रों को सिविल सर्विसेज की प्री और मेंस की मुफ्त कोचिंग मुहैया कराती है। 20 फीसदी छात्रों को हर महीने दो हजार रुपये स्कॉलरशिप भी दी जाती है।
25 जून तक करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार 25 जून तक यहां दाखिले के लिए संस्थान की वेबसाइट jmicoe.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा का आयोजन 12 केंद्रों दिल्ली, श्रीनगर, जम्मू, हैदराबाद, जयपुर, मुंबई, लखनऊ, गुवाहाटी, पटना, बंगलूरू, त्रिवेंद्रम और चेन्नई में होना है। टेस्ट में बहुविकल्पीय सवालों के लिए निगेटिव मार्किंग होगी। गलत जवाब पर एक तिहाई नंबर कटेंगे।
महत्वपूर्ण तारीखें
आवेदन : 25 जून तक
लिखित परीक्षा : 7 जुलाई को सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक होगी।
प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट : 30 जुलाई
इंटरव्यू : 5 और 10 अगस्त
फाइनल रिजल्ट : 20 अगस्त
दाखिले की प्रक्रिया का समापन : 27 अगस्त
सीटें बचने पर प्रतीक्षा सूची के उम्मीदवारों का पंजीकरण 28 अगस्त को किया जाएगा और उनकी दाखिला प्रक्रिया 30 अगस्त को पूरी होगी। चुने गए उम्मीदवारों के लिए तीन सितंबर को सुबह 11 बजे से ओरियंटेशन क्लास का आयोजन होगा।