कानपुर देहात। प्रकाश का पर्व दीपावली त्योहार मनाने को शनिवार को हर किसी के मन में उल्लास दिखा। जिले में दीपों का पर्व धूमधाम से मनाया गया। शाम होते दीयों के प्रकाश से घर-आंगन जगमगा गए। लोगों ने ऐश्वर्य व वैभव की देवी मां लक्ष्मी और विघभन विनाशक गणेश का विधि विधान से पूजन-अर्चन कर सुख समृद्धि की कामना की। मां सरस्वती के प्रतीक के तौर पर कलम-दवात का भी पूजन किया गया।
दीपावली शनिवार को स्वाती नक्षत्र मनाया गया। प्रात: 8.21 बजे से 9.41 बजे तक शुभ बेला मुहूर्त में कलम-दवात पूजन किया गया। शाम को 5.45 बजे से रात 8.24 बजे तक वृषभ लग्न व गोधूलि बेला में दीपावली का पूजन विधि विधान से लोगों ने घरों व प्रतिष्ठानों में किया। कमल फूल, गन्ने, सिंघाड़े, खील-गट्टा व तरह तरह की मिठाई अर्पित कर मन्नतें मांगी। इसके साथ ही दीयों की कतार लगाकर घर-आंगन सजाए गए। घरों की मुंडेर पर और दरवाजे के पास दीया सजाई गई। टिमटिमाते दीयों की रोशनी से नजारा आकर्षक रहा। रंग बिरंगी झालरों से घरों को सजाया गया। दीपावली पर बच्चों और युवाओं ने पटाखें, फूलझड़ियां, अनार, महताब व चर्खी चलाकर खुशी मनाई। आसमानी आतिशबाजी का नजारा दर्शनीय रहा। लोगों ने परिवार में बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान एक-दूसरे को रोशनी के पर्व की बधाई दी गई।
सजावटी सामान व मिठाई दुकानों पर रही भीड़
शनिवार को सजावटी सामान, मिठाई व फल की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। घर सजाने के लिए लोग रंग बिरंगी इलेक्ट्रॉनिक झालरें खरीदते नजर आए। साथ ही घरों की चौखट पर बंदनवार लगाया सजाया गया। दीपावली पर गिफ्ट व मिठाई की खरीदारी के लिए लोगों की दुकानों पर भीड़ रही। बाजार में भीड़ रही तो त्योहार को लेकर पूरे दिन लोगों में खासा उत्साह रहा।
-