शिवली। कस्बा के गांधी नगर मोहल्ला निवासी दिव्यांशी अवस्थी ने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने वर्ष 2025 में यूपी पुलिस आरक्षी (कांस्टेबल) भर्ती परीक्षा पास की थी, जिसके बाद वह 17 जून 2025 से आंबेडकरनगर पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में ट्रेनिंग ले रही थीं। प्रशिक्षण के दौरान भी उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और महज एक वर्ष के भीतर ही उपनिरीक्षक बनने का गौरव हासिल कर लिया।
दिव्यांशी ने बताया कि वर्ष 2018-19 में जय जागेश्वर इंटर कॉलेज, शिवली से प्रथम श्रेणी में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया था। छात्र जीवन से ही उन्होंने देश सेवा का संकल्प लिया था और पुलिस विभाग में जाने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। पिता प्रमोद अवस्थी व मां मंजू अवस्थी ने कहा कि शुरुआत में बेटी को किसी अन्य सुरक्षित क्षेत्र में कॅरिअर बनाने की सलाह दी थी लेकिन उसके अटूट दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास को देखते हुए पूरा परिवार साथ खड़ा हो गया। परिवार के इसी सहयोग और अपनी अथक मेहनत के दम पर बेटी ने ट्रेनिंग के साथ-साथ यह बड़ी सफलता अर्जित की है। दिव्यांशी की इस कामयाबी पर परिजनों, रिश्तेदारों और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।