यूपी के औरैया जिले में अछल्दा रेलवे स्टेशन पर बुधवार की शाम ट्रैक पार करते समय दिव्यांग की मालगाड़ी की चपेट में आकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे दिव्यांग के परिजन शव उठाने को लेकर स्टेशन अधीक्षक की अभद्रता से भड़क उठे और जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची थाने की पुलिस ने किसी तरह आक्रोशित भीड़ को समझाकर शांत कराया। शव के ट्रैक पर पड़े रहने से महाबोधि एक्सप्रेस को 15 मिनट आउटर पर रोकना पड़ा।
दिल्ली-हावड़ा रूट पर बुधवार की शाम करीब चार बजे रिश्तेदारी में जाने के लिए दिव्यांग अछल्दा रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहां मौजूद लोगों ने उसकी शिनाख्त अवधेश यादव (45) पुत्र कामता प्रसाद के रूप में की। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने स्टेशन अधीक्षक से शव उठवाने के लिए कहा, लेकिन शव नहीं उठाया गया।