जिला पंचायत सदस्य पद के लिए भारतीय जनता पार्टी के सभी 32 सीटों के लिए घोषित प्रत्याशियों ने रविवार को जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र भरा। सांसद देवेंद्र सिंह भोले, विधायक अभिजीत सिंह सांगा, उपेंद्र पासवान, जिला अध्यक्ष दक्षिण डॉ. वीना आर्या, जिला अध्यक्ष नगर ग्रामीण इकाई कृष्ण मुरारी शुक्ला आदि समर्थक भी वहां पहुंचे। सभी प्रत्याशियों का नामांकन जुलूस पार्टी कार्यालय नवीन मार्केट में एकत्र हुआ, उसके बाद वहां से सभी का काफिला जिला पंचायत कार्यालय पहुंचा। इन प्रत्याशियों में ज्यादातर ऐसे हैं, जो पहली बार जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। महिलाओं की संख्या भी अच्छी खासी रही।
बसपा ने जारी की देहात जिले के प्रत्याशियों की पहली सूची
कानपुर में जिला पंचायत सदस्यों की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार शाम बहुजन समाज पार्टी के मुख्य सेक्टर प्रभारी अशोक सिद्धार्थ के निर्देश पर जिला अध्यक्ष आनंद कुरील ने कानपुर देहात के जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की। सूची में नौ वार्डों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। बाकी सीटों के लिए जल्द ही नाम जारी कर दिए जाएंगे।
घोषित प्रत्याशियों के नाम
तिलोंची से बडे़लाल चौहान, औगी से एडवोकेट सतेंद्र पाल, शाहजहांपुर से किरन देवी (पत्नी सुधीर गौतम), राजपुर द्वितीय से प्रतिमा निषाद (पत्नी गोविंद निषाद) रसूलाबाद प्रथम से श्रीनारायण संखवार, बिरहुन से सत्यप्रकाश यादव, परजनी से कुमारी मंजुला (पत्नी शिवनाथ संखवार), जगनपुर से कुमारी चेतना गुप्ता, कोड़वा से सीमा संखवार।
अपना दल से तीन लोगों ने किया नामांकन
अपना दल (एस) से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए रविवार को तीन कार्यकर्ताओं ने नामांकन पत्र दाखिल किया। उमेश शुक्ला भोले सिकठिया से, समूही सीट से अंकिता सचान व वीरनखेड़ा सीट से वरिष्ठ कार्यकर्ता वीरेंद्र यादव चुनाव मैदान में हैं। पार्टी के सभी प्रत्याशियों का नामांकन जुलूस मेघदूत होटल तिराहे से उठकर जिला पंचायत कार्यालय के बाहर तक पहुंचा। जुलूस में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व सदस्य उप्र पशुधन विकास परिषद अजय प्रताप सिंह, नगर अध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव व कानपुर दक्षिण जिलाध्यक्ष राजेश सचान आदि मौजूद रहे।