सैफई। थाना क्षेत्र के हरदोई गांव में मंदिर में पूजा के दौरान पुजारी और युवक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मारपीट होने लगी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अभद्रता, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। सैफई पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत पर जांच की जा रही है।
हरदोई गांव निवासी प्रमोद तिवारी ने सैफई कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि उनके पुश्तैनी मंदिर श्री ठाकुरजी महाराज में पुजारी तुलसीदास उर्फ रघुनाथ शरण पूजा करते हैं। आरोप है कि 26 जून सुबह करीब 10:15 बजे गांव के रवि कुमार, राजवीर और दो अज्ञात लोग मंदिर में पहुंचे और पुजारी से मारपीट करने लगे।
जानकारी पर वह भी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उनका कहना है कि आरोपी रवि के खिलाफ पहले से मारपीट की रिपोर्ट दर्ज है। इसी रंजिश के चलते पुजारी से मारपीट की गई। इसी मामले में आरोपित युवक रवि कुमार कोरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर आरोप लगाए हैं।
साथ ही थाने में तहरीर भी दी है। रवि कुमार का आरोप है कि वह 26 जून की सुबह मंदिर में पूजा करने गया था, तभी पुजारी तुलसीदास ने जातिसूचक टिप्पणी करते हुए पूजा करने से मना कर दिया। आरोप है कि पुजारी ने मारपीट की और दांतों से काट लिया।
रवि ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में पहुंचे प्रमोद तिवारी व संतोष कुमार ने उसे जान से मारने की धमकी दी। साथ ही भविष्य में मंदिर में पूजा न करने की चेतावनी दी। थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि आरोपी रवि कुमार के खिलाफ दर्ज कर ली गई है।
आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी मुकदमा दर्ज है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। पुरानी रंजिश के तहत आरोप लगा रहा है। सभी तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।