कानपुर। कृष्णा नगर स्थित श्रीमती जमुना देवी बालिका इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य और वरिष्ठ सहायक के बीच चल रहे विवाद का असर शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के वेतन पर पड़ा है। इस वजह से अप्रैल 2026 से अब तक कर्मचारियों के वेतन का भुगतान नहीं हो सका है। उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डीआईओएस ने वेतन भुगतान की प्रक्रिया के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया है।
डीआईओएस प्रवीण कुमार तिवारी की ओर से जारी किए गए आदेश के अनुसार विद्यालय की वरिष्ठ प्रवक्ता मंजू देवी चौधरी और डॉ. बिंदू मिश्रा समिति की सदस्य होंगी। यह समिति प्रत्येक माह विद्यालय की उपस्थिति पंजिका और बायोमीट्रिक मशीन में दर्ज उपस्थिति का मिलान कर शिक्षकों व कर्मचारियों की उपस्थिति प्रमाणित करेगी। इसके बाद वेतन बिल पर प्रमाणन कर उसे समय से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय भेजा जाएगा। जिसके बाद भुगतान हो सकेगा। यह व्यवस्था प्रधानाचार्य और वरिष्ठ सहायक के बीच चल रहे विवाद के निस्तारण तक लागू रहेगी।