तीन तलाक के मामले पर छिड़ी बहस और कई इस्लामी देशों में इसका चलन न होने के मामले पर सऊदी अरब के मुफ्तियों से फतवा लिया जाएगा। इसके लिए मुस्लिम एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को सऊदी अरब रवाना हुआ है। इसके अलावा देश व प्रदेश में खुशहाली और जनता के सुकून के लिए मक्का मदीना की पाक सरजमीं पर दुआ होगी।
मुस्लिम एसोसिएशन के महामंत्री हाजी अब्दुल हसीब की अगुवाई में मोहम्मद नसीम, अब्बास अहमद, राशिद सिद्दीकी, सुफियान अंसारी, इश्तियाक अहमद, नूर जहां सऊदी अरब अमौसी हवाई अड्डे से रवाना हुए हैं। अब्दुल हसीब ने बताया कि तीन तलाक के मसले में कुरान और हदीस की सही व्याख्या उलेमा-ए-दीन ने की है।
कुछ लोग यह कह रहे हैं कि सऊदी अरब समेत कई मुल्कों में इसका चलन नहीं है। इसलिए वह वहां के मुफ्तियों से इस संबंध में फतवा लेंगे। इसके अलावा मक्का मदीना की पाक सरजमीं पर देश और प्रदेश की जनता को खैरियत की दुआ करेंगे। यूपी में खराब हो रहे माहौल के मद्देनजर यहां की सत्ता सही हाथों में देने की दुआ करेंगे।