गोशाला जैतपुर में गंदगी के बीच खड़े गोवंश।
- फोटो : गोशाला जैतपुर में गंदगी के बीच खड़े गोवंश।
इटावा। सीडीओ ने गोशाला जैतपुर में गंदगी व पौधरोपण न होने पर सचिव व प्रधान पर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही चेतावनी के बाद लापरवाही करने पर डीडीओ को दोनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार दोपहर सीडीओ अजय कुमार गौतम ने ब्लाक महेवा की ग्राम पंचायत इंद्रौसी व जैतपुर समेत मनरेगा कार्यों का निरीक्षण किया। सबसे पहले गौशाला इंद्रौसी में अतिरिक्त टीन शेड, गोवंशों के भरण-पोषण हेतु नांदों का निर्माण कराते हुए गोवंशों की क्षमता बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही गोवंशों को प्रतिदिन स्वच्छ पेयजल, हरा चारा, भूसा तथा निरंतर साफ-सफाई करने को कहा।
गोशाला जैतपुर में गंदगी व पौधरोपण न मिलने पर सचिव व प्रधान को फटकार लगाई। संबंधित के खिलाफ जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिए। इसके साथ ही ग्राम पंचायत शेरपुर रशूलपुर में मनरेगा के तहत कराए जा रहे कार्य को परखा। यहां रामसेवक त्रिपाठी के खेत से कालोनी तक की समस्त नालियों का निर्माण हो रहा था। मेघूनाथ त्रिपाठी के खेत से रामसिंह के खेत तक सिल्ट सफाई के कार्याे का निरीक्षण किया गया। मौके पर 43 श्रमिक कार्य करते हुए मिले। इस मौके पर डीडीओ राकेश प्रसाद, बीडीओ यदुवीर सिंह समेत कई अफसर व कर्मी मौजूद रहे।