होमगार्ड मेडिकल भर्ती में हंगामा (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
होमगार्ड भर्ती में रिश्वत लेने के मामले में आरोपियों पर कार्रवाई के बाद रविवार को उर्सला के डॉक्टरों के बीच मतभेद सामने आए। कुछ डॉक्टरों ने घटनाक्रम में हुई कथित अनियमितताओं और लीपापोती का विरोध किया, जबकि कुछ कार्रवाई से संतुष्ट नजर आए।
शनिवार को उर्सला ईएनटी विभाग के डॉ प्रवीण और महेश को बचाने के लिए अस्पताल में दिनभर दांव-पेच चलता रहा था। एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और ईसीजी रिपोर्ट सामान्य आने के बावजूद उन्हें रेफर करने को अटकाया गया। शाम को एक को हैलट और दूसरे को कॉर्डियोलॉजी भेजा गया, जहां रिपोर्ट सामान्य आने के बाद रात में उन्हें जेल भेजा गया था। उर्सला अस्पताल की निदेशक डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी डॉ. प्रवीण और डॉ. महेश जेल जा चुके हैं। अस्पताल स्तर पर हुई अनियमितताओं और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर मामले में संलिप्त अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।