डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा
साहित्यिक संस्था कविताई के बैनर तले कानपुर में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने मिलेनियम वोटर मुदिता मिश्रा की पुस्तक ‘नरेंद्रोदय से राष्ट्रोदय’ का विमोचन किया। पुस्तक के तीन खंड शाश्वत भारत, नरेंद्रोदय एवं राष्ट्रोदय का जिक्र करते हुए उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि संसद में आंख मारने वाले सोचें कि नई पीढ़ी कैसा सोच रही है। यह ऋषि और कृषि का देश है। देश में दया, क्षमा, पराक्रम सब कुछ है। उन्होंने पृथ्वीराज चौहान, महाराणा प्रताप के पराक्रम के संबंध में बताया।
कार्यक्रम का आयोजन बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कालेज के सभागार में किया गया। डिप्टी सीएम ने मुदिता की भाषा की शुद्धता, ओज आदि की तारीफ की और कहा कि मंच पर मुदिता को बोलते सुनकर वे गार्गी के शास्त्रार्थ के संबंध में सोचने लगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की और बताया कि मोदी 18 घंटे काम करते हैं। एक दिन छुट्टी नहीं ली। आज भी उनका परिवार साधारण तरीके से रहता है। राष्ट्रोदय के सपने को साकार करने के लिए लोगों को आगाह किया कि आज भी बांटने की राजनीति चल रही है। एक को मिलाओ, दूसरे को हराओ की रणनीति बनाई जाती है। जरासंध, बाबर के किस्से भी बताए। कार्यक्रम के अध्यक्ष आरएसएस के पूर्वी यूपी के क्षेत्र सर संघ चालक वीरेंद्र जीत सिंह ने राष्ट्रोदय के संबंध में विचार व्यक्त किए।