कल्याणपुर में रहने वाले इंजीनियर राम निवास मिश्रा (38) और उनके दोनों बेटों श्रेयांश (11) व आरव (10) के शव पैसों के अभाव में चार दिन बाद भी कनाडा से घर नहीं लाए जा सके। परिजन पीएमओ से लेकर विदेश मंत्रालय तक गुहार लगा चुके हैं लेकिन कोई मदद नहीं मिली है। इसके बाद कन्नौज सांसद डिंपल यादव ने भी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को ट्वीट कर मदद मांगी है।
मूल रूप से कन्नौज के भरतपुर निवासी सॉफ्टेवयर इंजीनियर राम निवास मिश्रा पिछले कई सालों से पत्नी अनुपम और बच्चों के साथ कल्याणपुर में रह रहे थे। इसके बाद दिल्ली नौकरी करने चले गए। चार साल पहले दिल्ली से वे कनाडा के वेस्ट पेग में जाकर शिफ्ट हो गए थे।
गुजैनी निवासी साढू़ राम गोपाल द्विवेदी ने बताया कि रविवार को अपार्टमेंट के स्वीमिंग पूल में नहाने के दौरान तीनों लोगों की मौत हो गई थी। वहां से तीनों शव लाने के लिए करीब 40 लाख रुपये की जरूरत है। उन्होंने बताया कि पत्नी अनुपम के पास इतने पैसे नहीं हैं। इस कारण शव यहां नहीं लाए जा पा रहे हैं।