कन्नौज के खुसटिया गांव में 10 दिन पहले अधजली मिली नगर पालिका के सफाई कर्मचारी की लाश के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया। लाखों रुपये के लालच में तीन दोस्तों ने हत्या की साजिश रची थी। शराब पिलाने के बाद पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया था।
हत्या के तीसरे दिन उसके खाते से ऑनलाइन 40 हजार रुपये दूसरे खाते में भेजने से छानबीन में जुटी पुलिस हत्यारों तक पहुंच गई। वारदात को अंजाम देने वाले तीनों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों में नाबालिग भी शामिल है। कानपुर देहात के रूरा थाने के गहलो गांव का धर्मेंद्र (25) पुत्र स्वर्गीय जयराम नगर पालिका कन्नौज में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात था।
वह ईदगाह कांशीराम कालोनी में रहता था। 19 अगस्त को वह लापता हो गया था। 20 अगस्त की सुबह सदर कोतवाली के गांव खुसटिया के पास नलकूप के पीछे उसका अधजला शव मिला था। दो दिन बाद धर्मेंद्र की शिनाख्त भाई शिवम ने की थी। जांच में हत्या के बाद धर्मेंद्र के खाते से दूसरे खाते में 40 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफार्मर होने का खुलासा हुआ।