कानपुर। शारदीय नवरात्र के छठवें दिन शुक्रवार को मां दुर्गा के कात्यायनी स्वरूप की श्रद्धा और भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की गई। सुबह होते ही शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बारादेवी, तपेश्वरी, जंगली देवी, काली मठिया, गोविंदनगर, जेके कॉलोनी दुर्गा मंदिर, बुद्धादेवी और जगत जननी दुर्गा मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
श्रद्धालु पूजा की डलिया, प्रसाद, चुनरी और नारियल लेकर माता के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। मां के दर्शन कर भक्तों ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिरों में घंटों की गूंज और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। सुबह और शाम मंदिरों में अधिक भीड़ देखने को मिली।