महाषष्ठी पर किदवईनगर, अशोकनगर और अरमापुर इस्टेट समेत विभिन्न स्थानों पर सजे पूजा पंडालों में मां का किया गया आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
कानपुर। ढाक की थाप, शंख की गूंज और मां दुर्गा के जयकारों के बीच शहर में बंगाली परंपराओं के अनुसार दुर्गोत्सव का शुभारंभ हुआ। महाषष्ठी पर किदवईनगर, अशोकनगर और अरमापुर इस्टेट समेत विभिन्न स्थानों पर सजे पूजा पंडालों में विधि-विधान से मां का आह्वान किया गया। कहीं पारंपरिक पूजा और भोग से आस्था की खुशबू बिखरी, तो कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव को उल्लास से भर दिया। मां के दर्शन को पहुंचे श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। धुनुची आरती से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
साउथ कानपुर दुर्गा पूजा समिति की ओर से अशोकनगर स्थित दुर्गा पूजा पार्क में आयोजित 85वें दुर्गोत्सव का उद्घाटन पार्षद पवन गुप्ता ने किया। सुबह षष्ठी पूजन और देवी बोधन के साथ उत्सव शुरू हुआ। बंगाल से आए ढाकियों की थाप, शंख और उलू ध्वनि ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शाम को बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता हुई। इसके बाद बंगाल के प्रसिद्ध बैंड हाटिमा टिमटिम ने संगीतमय प्रस्तुति दी। आयोजन में अंजन मुखर्जी, सुभाषीष बनर्जी, सत्यजीत, इंद्रजीत, अभिजीत समेत अन्य लोगों का सहयोग रहा। वहीं किदवईनगर स्थित किदवई पार्क में श्री श्री शारदीय दुर्गा पूजा समिति ने पूजन के साथ प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा और कलश स्थापना की। यहां बंगाली रीति-रिवाज से मां को भोग अर्पित कर आरती की गई। मौके पर चेयरमैन उग्रसेन सिंह, नरेश पाठक, शुभांकर मुखर्जी, शैलेंद्र प्रताप सिंह चौहान, नंदिनी बख्शी, विनोद गुप्ता समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
अरमापुर इस्टेट में महिलाओं ने की सुख-समृद्धि की कामना
अरमापुर इस्टेट में सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी के 84वें महोत्सव की शुरुआत षष्ठी पूजन से हुई। महिलाओं ने पूजा में भाग लेकर बच्चों की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। रात 8:30 बजे एडब्ल्यूईआईएल के वित्त निदेशक जय गोपाल महाजन ने महोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान आयुध निर्माणी, फील्ड गन फैक्टरी और लघु शस्त्र निर्माणी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कमेटी के सह-सचिव पंडित तुषार गांगुली ने बताया कि आयोजन में राजा गुहा, अमित दास, उत्पल दास, सुशांत विश्वास, देबोब्रोतो, रंजना दास और जया सहित अन्य लोगों ने सहभागिता की। उधर नरौना चौराहा स्थित आदर्श बंग विद्यालय में बारोवाड़ी दुर्गा पूजा समिति की 162 वर्ष पुरानी पूजा आकर्षण का केंद्र रही। बंगाल से आए कलाकारों ने पारंपरिक विधि से पूजा की। इस मौके पर चेयरमैन दीपांकर गंगुली, अमित कुमार मित्रा, अश्हित कुमार पॉल, गौतम दास, अभिजीत गुप्ता, संजय घोष, निखिल, सौरभ समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।