शहर में श्रीमद्भागवत कथा सुनाने आए देवकी नंदन ठाकुर ने शहर के संतों, जनप्रतिनिधियों से सनातन बोर्ड के गठन के लिए समर्थन मांगा है। शुक्रवार को मोतीझील मैदान पर सनातन संत सम्मेलन बुलाया गया है। कथा के अंतिम दिन शनिवार को सनातन यात्रा निकाली जाएगी जिसमें जनप्रतिनिधियों के साथ शहर के हजारों लोग जुटेंगें। देवकी नंदन ने दावा किया है कि सनातन बोर्ड के गठन के बाद मथुरा में मस्जिद का सर्वे होगा। इससे संभल जैसे कांड नहीं होंगे। जांच होगी, मंदिर अतिक्रमण मुक्त होगा और मथुरा में मंदिर का निर्माण भी होगा।
गुरुवार को पांडुनगर में प्रेस वार्ता के दौरान देवकी नंदन ने कहा कि हिंदू बहुल देश में वक्फ बोर्ड तो है लेकिन आजादी के बाद से आज तक किसी ने सनातन बोर्ड की जरूरत नहीं समझी। सनातनियों के इसी अधिकार को पाने के लिए 16 नवंबर को दिल्ली में सनातन धर्म संसद के माध्यम से मांग की गई थी। आज देश में हिंदू बहुसंख्यक होने के बावजूद सनातनी अपने धार्मिक अधिकारों के लिए भटक रहे है। सनातन बोर्ड के गठन से ही देश में धर्मांतरण व लव जिहाद के मामलों पर रोक लगेगी।
राहुल-अखिलेश से भी मांगा समर्थन
उन्होंने कहा कि सरकार के साथ हम विपक्ष से भी समर्थन की मांग करते है। राहुल गांधी, अखिलेश यादव, शरद पवार, उद्धव ठाकरे की पार्टी सनातन बोर्ड विस्तार में साथ दें। भारत भी बांग्लादेश न बन जाए, इसके लिए सनातनियों को अब जागना होगा।
ये कार्य करेगा सनातन बोर्ड
– शंकराचार्यों के सरंक्षण में केंद्रीय सनातन बोर्ड का गठन होगा।
– कृष्ण जन्मभूमि का विशालकाय मंदिर का निर्माण होगा।
– मंदिरों की संपत्ति देवभूमि निधियों से सुरक्षित की जाएगी।
– सनातन मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराया जाएगा।
– बड़े मंदिरों से आने वाली धनराशि से गोशाला, हॉस्पिटल, मॉर्डन गुरुकुल का निर्माण होगा।
– इन अस्पतालों व गुरुकुल में सनातनियों के लिए नि:शुल्क व्यवस्था होगी।
– गरीबी के कारण धर्म परिवर्तन करने वालों की वित्तीय सहायता कर बोर्ड उन्हें धर्म परिवर्तन से रोकेगा।
– सनातन बोर्ड के लिए पृथक न्याय व्यवस्था होगी, सभी धार्मिक अपराधों की सुनवाई सनातनी कोर्ट में होगी।
– खाद्य पदार्थ निर्माण के लिए कंपनियों को सनातन बोर्ड से सर्टिफिकेट लेना होगा।
– सनातन विरोधी फिल्म बयानबाजी, वेदों की निंदा करना दंडनीय अपराध होगा। इनके केस सनातनी बोर्ड में चलेंगे।
– सनातन परिवार को छोड़ कर विवाह करने वाले युवक–युवतियों का विवाह सनातनी बोर्ड में मान्य नहीं होगा।