शिक्षक को छात्राओं ने चप्पलों से पीटा
- फोटो : अमर उजाला
सरीला क्षेत्र के एक राजकीय हाईस्कूल के शिक्षक को छात्राओं को मोबाइल में अश्लील मैसेज भेजना व स्कूल में घूरना भारी पड़ गया। छात्राओं व उनके परिजनों ने शिक्षक को पकड़कर विद्यालय में लात-घूसों व चप्पलों से जमकर पिटाई की। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने एससी-एसटी व आईटी एक्ट के तहत मामला दर्जकर जांच शुरू की है।
जरिया थानाक्षेत्र के एक गांव स्थित राजकीय हाईस्कूल में कौशांबी निवासी अध्यापक मुकेश चौरसिया की तैनाती है। शिक्षक पर स्कूल की छात्राओं के मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजकर छेड़खानी करने का आरोप है। कक्षा नौ की छात्रा ने शिकायत अपने परिजनों से की। बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे परिजन करीब आठ से 10 ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंचे।
दो छात्राओं व परिजनों ने आरोपी शिक्षक को पकड़कर उसकी लात, घूसों व चप्पलों से पिटाई शुरू कर दी। पीड़ित दो छात्राओं ने बताया कि उक्त शिक्षक उनके मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजकर उनसे अश्लील फोटो भेजने को कहता है। स्कूल में सारा दिन घूरता रहता है। सूचना पर आए उपनिरीक्षक रमाकांत शुक्ल आरोपी शिक्षक को पकड़कर थाने ले गए। पीड़ित परिजनों ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। थाना प्रभारी मयंक सिंह चंदेल ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ आईटी एक्ट व एससीएसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्जकर जांच की जा रही है।