कानपुर। जीएसटी 2.0 की शुरुआत 22 सितंबर से हुई थी पर अभी भी कई कंपनियां ग्राहकों को लाभ नहीं दे रही हैं। दूध कंपनियों ने देसी घी, मक्खन, चीज पर तो भाव कम कर दिया है लेकिन हर कंपनी के दूध के दाम पूर्व की तरह ही हैं। पहले दूध पर पांच प्रतिशत जीएसटी था जो अब शून्य हो गया है। देसी घी, मक्खन और चीज पर 12 प्रतिशत जीएसटी था जो घटकर पांच प्रतिशत पर आ गया है। कुछ एफएमसीजी कंपनियों ने साबुन, तेल, पेस्ट आदि उत्पादों पर दाम कम किए हैं लेकिन अन्य कंपनियों ने होलसेलरों के लिए भाव कम कर दिए हैं। इससे छोटे पैक में आने वाले सामान सस्ते नहीं हो पा रहे हैं।
किराना व्यापारी राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि 100 ग्राम भार वाला मक्खन अब 58 रुपये में मिलने लगा है। पहले इसका भाव 62 रुपये था। 17 रुपये वाला चीज का पैकेट 15 रुपये में आ गया है। 450 एमएल देसी घी का पैकेट 330 रुपये में था जो अब 300 रुपये में मिल रहा है। आधा लीटर दूध 35 और एक लीटर दूध 69 रुपये में ही है। दूध के दाम पूर्व की तरह ही हैं। इसके अलावा कुछ कंपनियों ने पुरानी पैकिंग में ही नए रेट के दाम से उत्पाद देना शुरू कर दिया है।
नयागंज मर्चेंट एसोसिएशन के महामंत्री रोशनलाल अरोड़ा ने बताया कि एफएमसीजी उत्पाद बनाने वाली एक कंपनी ने उत्पादों के दाम घटाए हैं। 10 रुपये वाला टूथपेस्ट आठ रुपये में बिकने लगा है। दूसरी कंपनियों ने छोटे पैक में दाम नहीं घटाए हैं। इसके उलट पूरे गत्ते पर दाम कम किया है। टूथपेस्ट का एक गत्ता जिसमें 24 आइटम होते थे, वह पहले 2000 रुपये का था और अब 1800 रुपये का हो गया है। हालांकि फुटकर में कोई रेट कम नहीं किया है। जैसे एक रुपये पाउच वाला तेल एक रुपये में ही मिल रहा है। इसी तरह 10 रुपये वाला पेस्ट आठ रुपये में मिलना चाहिए उसे भी 10 में ही बेचा जा रहा हे। उन्होंने बताया कि कंपनियों ने होलसेलरों के रेट में एक-दो प्रतिशत की कमी की है लेकिन फुटकर के लिए कोई रेट नहीं दिए हैं।
उन्होंने बताया कि शेविंग उत्पादों पर 18 प्रतिशत के जीएसटी को पांच प्रतिशत कर दिया गया है जबकि शेविंग ब्लेड पर 18 प्रतिशत ही जीएसटी है। कंपनियों को नई रेट लिस्ट आम ग्राहकों के अनुसार भेजनी चाहिए। उन्होंने बताया कि नई जीएसटी दर लागू होने के बाद से कंपनियों के प्रतिनिधि नए ऑर्डर लेने नहीं आ रहे हैं। संभव है कि जल्द नई रेट लिस्ट जारी हो। होलसेलरों को कुछ बताया भी नहीं जा रहा है। एसजीएसटी के अपर आयुक्त ग्रेड दो, जोन द्वितीय आरएस विद्यार्थी का कहना है कि ग्राहकों को कोई समस्या है तो वे आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत कर सकते हैं।
-
ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रानिक्स का मिल रहा लाभ
ऑटोमोबाइल कारोबारी सुमन कपूर ने बताया कि बाइक, स्कूटी और कारों पर जीएसटी का पूरा लाभ दिया जा रहा है। इलेक्ट्रानिक्स आइटम कारोबारी मनीष कोहली ने बताया कि इलेक्ट्रानिक्स कंपनियों ने टीवी, एसी के दाम कम कर दिए हैं।