कानपुर। नगर निगम के प्रवर्तन दस्तों ने शनिवार को बिरहाना रोड, सागर मार्केट और किदवईनगर में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। अतिक्रमण ढहाने के साथ ही 21 हजार रुपये यूजर चार्ज वसूला गया। दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जोन एक के जोनल अधिकारी विद्या सागर यादव के नेतृत्व में प्रवर्तन दस्ते ने बिरहाना रोड और सागर मार्केट के आसपास 79 अस्थायी अतिक्रमण हटवाए। इसी तरह जोन-3 के अधिकारी सीपी सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन दस्ते ने किदवईनगर चौराहा से एच-ब्लाक स्थित शनिदेव मंदिर चौराहे तक 15 ठेले, टट्टर और गुमटियां हटावाईं।
वहीं, नगर निगम जोन तीन कार्यालय में लगे शिविर में गृहकर, नामांतरण, त्रुटि सुधार आदि से संबंधित नौ शिकायतें आईं। सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक लगे शिविर में तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा जोनल अधिकारी सीपी सिंह ने छह अन्य शिकायतों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।