उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की रविवार को हुई प्रदेश स्तरीय कोर कमेटी की बैठक में व्यापारियों ने लंबित मांगों के लिए प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ हुंकार भरी।
प्रदेश अध्यक्ष श्याम बिहारी मिश्रा ने बताया कि 15 और 16 मार्च को लखनऊ में 48 घंटे का धरना देकर दोनों सरकारों के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी न हुईं तो विधानसभा चुनाव में सबक सिखाया जाएगा।
बैठक में शामिल 40 से अधिक पदाधिकारियों ने आंदोलन की रणनीति भी बनाई। अध्यक्ष ने धरने में कम से कम पांच हजार व्यापारियों के पहुंचने का लक्ष्य दिया है।
प्रदेश स्तरीय कोर कमेटी की बैठक में बरेली से राजेंद्र गुप्त, मथुरा से रविकांत गर्ग, बनारस से कमलाकांत, ललितपुर से महेंद्र जैन मयूर, आगरा से संतराम बरुआ, कुंदनिका शर्मा, चंदौली से देवभट्टाचार्य, कानपुर से मणिकांत जैन, रामकिशोर मिश्र, विजय पंडित, संत मिश्रा, विनोद गुप्ता आदि शामिल रहे।
प्रदेश सरकार से मांग
पुलिस व इंस्पेक्टर का हस्तक्षेप खत्म हो, मंडी समिति की समाप्ति, वैट दर कम हो, वाणिज्यकर के सचल दल का शहर के अंदर चेकिंग करना प्रतिबंधित हो, जितनी बिजली उतने दाम अन्य चार्ज समाप्त हों, हाउस टैक्स व वाटर टैक्स पर ब्याज समाप्त हो, शहरों व तहसील मुख्यालयों में छोटे बाजार बनवाए जाएं और दुकानें लागत मूल्य पर पटरी व खोखा दुकानदारों को दी जाएं, विधान परिषद में ट्रेडर्स कॉन्स्टीटयूएंसी बनाई जाए, जिसमें पंजीकृत व्यापारी ही मतदाता हों।
केंद्र सरकार से मांग ः नगद खरीद पर पैन कार्ड अनिवार्यता की सीमा पांच लाख हो, खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम में अविलंब संशोधन कर सरल बनाया जाए, जीएसटी में उत्पादक या विदेशों से आयात पर कर लगे, लोकसभा, राज्यसभा, विधान सभा व विधान परिषद में व्यापारियों के प्रतिनिधित्व के लिए आरक्षण हो, व्यापारियों का दुर्घटना बीमा कराना व पेंशन व्यवस्था की जाए, व्यापारी कल्याण आयोग का गठन हो, फुटकर दवा विक्रेताओं का पंजीकरण 30 हजार से घटाकर फिर से तीन हजार किया जाए, खाद एवं कीटनाशक विक्रेताओं के लाइसेंस में कृषि स्नातक की आनिवार्यता समाप्त हो, ऑनलाइन शॉपिंग पर प्रतिबंध लगे।
आज बनेगी बाजार बंदी की रणनीति
कानपुर (ब्यूरो)। दो लाख रुपये की खरीद बिक्री पर पैन आनिवार्यता के विरोध में सर्राफा कारोबारियों ने आंदोलन का रुख अख्तियार किया है। अखिल भारतीय स्तर पर 10 फरवरी को होने वाली सर्राफा बाजार बंदी के समर्थन में 8 फरवरी को रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक शाम चार बजे से होगी।
उत्तर प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रामनाथ महेंद्र ने बताया कि बैठक करके बाजार बंदी की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
उत्तर प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन के मंत्री रामकिशोर मिश्रा ने बताया कि एक दिन बाजार बंद करके सरकार को संदेश देने की कोशिश की जाएगी कि सर्राफा कारोबारी थोपा हुआ नियम कानून मानने को तैयार नहीं है। बैठक में बिरहाना रोड, नयागंज, चौक, धोबीमोहाल, लाल बंगला, नवाबगंज गोविंदनगर के सर्राफा कारोबारी शामिल रहेंगे।
बंथर में सेमिनार आज
कानपुर। उन्नाव के बंथर स्थित कानपुर उन्नाव लेदर क्लस्टर में सोमवार को चमड़ा सफाई की नई टेक्नोलॉजी बताने के लिए सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। इसमें आस्ट्रिया के विएना से चमड़ा इंडस्ट्री से जुडे़े विशेषज्ञ आ रहे हैं। कार्यक्रम दोपहर तीन बजे से होगा।