कानपुर यूनिवर्सिटी के रेग्युलर और प्राइवेट एग्जाम में आठ कॉलेजों के परीक्षा केंद्र बदले जाएंगे। इन कॉलेजों में स्टूडेंटों की संख्या 100 से कम है। सबकी परीक्षा आसपास के कॉलेजों में कराई जाएगी।
इस पर सोमवार को प्रस्तावित परीक्षा समिति की मीटिंग में मुहर भी लगेगी। जिन कॉलेजों में यूनिवर्सिटी से अनुमोदित प्रिंसिपल या फिर शिक्षक नहीं हैं, उनके केंद्र बदले जाएंगे।
यूनिवर्सिटी की परीक्षा समिति की आपात मीटिंग सोमवार को एकेडमिक भवन में होगी। कुलपति प्रो. जेवी वैशंपायन की अध्यक्षता वाली मीटिंग में सैनिक लॉ कॉलेज इलाहाबाद की निरस्त परीक्षा का मामला रखा जाएगा। इस कॉलेज की परीक्षा नकल की वजह से निरस्त हुई थी। अब हाईकोर्ट ने 10 दिन के अंदर फैसला लेने का आदेश दिया है।
इसीलिए परीक्षा समिति कराई जा रही है। आगामी 5 मार्च से प्रस्तावित रेग्युलर और प्राइवेट एग्जाम के नोडल केंद्र, परीक्षा केंद्र बनाने पर भी अंतिम मुहर लगाई जाएगी। सत्र 2015-16 में 126 नोडल केंद्र और 1027 परीक्षा केंद्र बनाए जाने हैं। इस बार 17 नोडल केंद्र बढ़ेंगे। इसकी आधिकारिक जानकारी कॉलेज लॉगिन पर भेजी जा चुकी है।
कैमरे लगाओ परीक्षा कराओ
कानपुर यूनिवर्सिटी से संबद्ध 26 आयुर्वेदिक कॉलेजों ने एग्जाम हाल में क्लोज सर्किट टेलीविजन (सीसीटीवी) कैमरे नहीं लगवाए हैं। अब संबंधित कॉलेजों के स्टूडेंटों की परीक्षा दूसरे केंद्रों पर कराई जाएगी। हालांकि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने यह भी कहा कि 16 फरवरी तक कैमरे लगवाने वालों को परीक्षा कराने की इजाजत दी जा सकती है।
यह परीक्षा 11 फरवरी से प्रस्तावित थी लेकिन कैमरे न लगने की वजह से ही स्थगित तर दी गई। परीक्षा नियंत्रक राज बहादुर यादव का कहना है कि 12 आयुर्वेदिक कॉलेजों ने एग्जाम हाल में कैमरे लगवाने की रिपोर्ट दी है।
25 से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
कानपुर यूनिवर्सिटी के प्राइवेट एग्जाम (सत्र 2015-16) के एडमिट कार्ड 25 फरवरी से डाउन लोड किए जा सकेंगे। ऑनलाइन जमा आवेदन फार्मों की स्क्रीनिंग का काम चल रहा है। जल्द ही एडमिट कार्ड वेबसाइट www.kanpuruniversity.org पर अपलोड कर दिए जाएंगे। प्राइवेट एग्जाम 5 मार्च से होने हैं।