पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने दहशतगर्द विकास दुबे के खजांची जय बाजपेई और यूपी कैडर के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के संबंधों की जांच की मांग को लेकर प्रधानमंत्री को पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने आईएएस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रधानमंत्री को दिए गए शिकायती पत्र में अमिताभ ठाकुर ने लिखा है कि जय बाजपेई के खिलाफ चौबेपुर, काकादेव, नजीराबाद समेत शहर के कई अन्य थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यहीं नहीं वर्ष 2017-2018 में कन्नौज के तत्कालीन एएसपी केसी गोस्वामी एवं अपर नगर मजिस्ट्रेट व सीओ नजीराबाद की जांच आख्या में उसके खिलाफ कई गंभीर आरोप लगे थे। इसके बाद भी पुलिस और जिला प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।
पूर्व आईपीएस का कहना है कि जय के यूपी कैडर के एक वरिष्ठ आईएएस से धनिष्ठ संबंध थे। उनका जय के घर आना जाना था। पूर्व आईपीएस ने गैंगस्टर से संबंधों, उसके निजी कार्यक्रम में शामिल होने की जांच के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।