कानपुर। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों की घोषणा शुरू कर दी है लेकिन कानपुर उत्तर और दक्षिण जिला महिला मोर्चा अध्यक्षों के नामों पर अब तक सहमति नहीं बन सकी है। दावेदारों की अधिक संख्या और आपसी खींचतान को इसकी वजह माना जा रहा है। दोनों जिलाध्यक्षों ने तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कर प्रदेश कमेटी को भेज दिया है। उत्तर में इस पद पर नया चेहरा उतारने के संकेत दिए गए हैं जबकि दक्षिण में पार्टी निवर्तमान अध्यक्ष पर फिर विश्वास जता सकती है। अब पार्टी नेतृत्व के फैसले का इंतजार है।
भाजपा ने एक दिन पहले कानपुर ग्रामीण समेत कई जिलों में महिला मोर्चा अध्यक्षों के नाम घोषित किए थे। हालांकि कानपुर उत्तर और दक्षिण समेत नौ जिलों में अभी नियुक्तियां बाकी हैं। कानपुर उत्तर में सरोज सिंह 10 साल से अधिक समय से महिला मोर्चा अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। सूत्रों के अनुसार इस पद पर भेजे गए तीन दावेदारों के नामों में उनको शामिल नहीं किए जाने की चर्चा है। यहां नए चेहरे को जिम्मेदारी मिलने के संकेत हैं। अध्यक्ष पद के लिए महिला मोर्चा की पदाधिकारी बबिता निगम, अनीता चतुर्वेदी, गुंजन शर्मा और मीनाक्षी गुप्ता के नाम चर्चा में हैं। वहीं कानपुर दक्षिण में मौजूदा अध्यक्ष अनीता त्रिपाठी के अलावा स्नेह मिश्रा, अर्चना सिंह और आशा पांडेय के नाम भी दावेदारी में चर्चा में हैं। उधर युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद के लिए असित प्रताप सिंह, सोनू राठौर और हर्षित श्रीवास्तव के नाम चर्चा में हैं। भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित और दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने बताया कि दावेदारों में से तीन-तीन नाम प्रदेश नेतृत्व को भेज दिए गए हैं। जल्द ही अध्यक्षों के नाम घोषित होने की उम्मीद है।