कानपुर के चकेरी जाजमऊ में कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। तोड़फोड़ करने के साथ ही हाईवे पर जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप था कि चौकी इंचार्ज ने उन्हें सही जानकारी नहीं दी। मौके पर पहुंचे एसीपी कैंट ने मामला शांत कराया। पुलिस ने इस मामले में हंगामा और चौकी में तोड़फोड़ करने वाले 50 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है ।
जाजमऊ तिवारीपुर निवासी जितेंद्र पाल (46) टेंपो चलाता था। दामाद अजय ने बताया कि रविवार रात जितेंद्र बाइक में पेट्रोल डलवाने पुरानी चुंगी स्थित तेल मिल चौराहे के पास गए थे। लौटते समय एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद कार चालक जितेंद्र को निजी अस्पताल में छोड़कर भाग गया।
हालत गंभीर होने अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने उन्हें हैलट में भर्ती कराया। जितेंद्र के रातभर घर न पहुंचने पर सोमवार परिजन जाजमऊ चौकी पहुंचे। आरोप है कि चौकी प्रभारी समेत अन्य पुलिस वालों ने उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी।
सोमवार रात परिजन फिर से चौकी पहुंचे। तब पुलिस ने हादसे की जानकारी दी। इसके बाद परिजन हैलट पहुंचे। मंगलवार सुबह उपचार के दौरान जितेंद्र की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शाम को परिजन शव लेकर चौकी पहुंचे और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया।
आक्रोशित महिलाओं ने चौकी में घुसकर कुर्सियां, मेज, वाटर कूलर, वायरलेस आदि फेंक दिया। करीब डेढ़ घंटे चले हंगामे के बाद पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। चकेरी इंस्पेक्टर मधुर मिश्रा ने बताया कि गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है।