फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मालगाड़ी से कटकर किसान की मौत, परिजनों का हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
रूरा। थाना क्षेत्र के रायपुर के रहने वाले किसान रोहित (25) की दिल्ली हावड़ा रेलवे रूट पर रविवार की सुबह मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। अंडरपास में गंदा पानी भरा होने से मजबूरन ट्रैक से आवाजाही में हादसा होने की बात कहकर लोगों ने हंगामा किया और शव नहीं उठाने दिया। सीओ संदीप सिंह ने ट्रैक किनारे बैरीकेडिंग कराने व अंडरपास का पानी निकलवाने का भरोसा दिया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
विज्ञापन

रविवार सुबह रोहित ट्रैक के दूसरी ओर स्थिति खेत से घर लौट रहा था। ट्रैक पार करते समय डाउन लाइन पर आई मालगाड़ी से कटकर उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने ट्रैक पर शव पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की छानबीन के दौरान पहुंचे करण सिंह ने शव की शिनाख्त बेटे रोहित के तौर पर की। अनहोनी पर पत्नी सपना गश खाकर गिर गई। इधर, परिजनों व ग्रामीणों ने घटना पर रोष जताया। कहा कि अंडरपास में गंदा पानी भरा होने से मजबूरन ट्रैक से लोगों की आवाजाही होती है।
तीन वर्ष पूर्व अंडर पास का निर्माण कराया गया था, लेकिन गांवों की नालियों का गंदा पानी अंडर पास में भरा रहता है। लोगों ने हंगामा कर पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। इसके बाद सीओ सदर मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
विज्ञापन

ट्रैक से आवाजाही से हादसे रोकने के लिए रेलवे लाइन के किनारे बैरीकेडिंग कराने के साथ ही अंडरपास की सफाई कराई जाएगी।
-संदीप सिंह, सीओ अकबरपुर
इस स्थान पर हुई तीसरी मौत
रूरा। रायपुर रेलवे ट्रैक पर करीब एक वर्ष पूर्व इसी गांव के रहने वाले रूपराम यादव की ट्रैक पार करते समय ट्रेन से कटकर मौत हुई थी। चार फरवरी को ट्रैक पार करते समय इसी गांव के गोपेश यादव की भी जान चली गई थी। तब एसडीएम डेरापुर ने अंडरपास का पानी निकलवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अंडरपास साफ नहीं हो सका। इसकी वजह से रविवार को एक और हादसा हो गया। (संवाद)
ट्रेन की चपेट में आकर छात्रा की मौत
पुखरायां। भोगनीपुर के विरोहा गांव के पास आठवीं की छात्रा मालगाड़ी की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
झांसी- कानपुर रेलवे लाइन पर विरोहा गांव के सामने रविवार को गांव की एक किशोरी कानपुर की तरफ से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गई। मौके पर ही किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आस-पास के लोग इकठ्ठा हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को ट्रैक से हटाया। इसके बाद शिनाख्त के प्रयास किए। जानकारी के बाद विरोहा गांव के रहने वाले रामबाबू पासवान मौके पर पहुंचे। बेटी का शव देख वह सन्न रह गए।
पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी सोनी देवी (14) गांव के स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा है। रविवार को वह खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। वहां ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। पिता की फौती सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक राम बहादुर पाल ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें