रसूलाबाद (कानपुर देहात)। कस्बे के लोकतंत्र सेनानी प्रो. रामविलास त्रिपाठी के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शोक जताया है। शनिवार को बेटे के नाम राष्ट्रपति भवन से शोक पत्र भेजा गया। लोकतंत्र सेनानी की राष्ट्रपति से काफी नजदीकियां थी।
रसूलाबाद के रहने वाले लोकतंत्र सेनानी एवं भाजपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य व पूर्व जिला अध्यक्ष प्रो. रामविलास त्रिपाठी का गुरुवार की देरशाम हार्टअटैक से निधन हो गया था। पार्टी नेता सहित कस्बा व क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ कानपुर के बिठूर घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। निधन की सूचना पाकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गहरा शोक व्यक्त किया। राष्ट्रपति के निजी सचिव प्रवीण सिद्धार्थ ने लोकतंत्र सेनानी के बड़े बेटे पूर्व सैन्य अफसर देवेंद्र कुमार त्रिपाठी के नाम शोक पत्र भेजा।
पत्र में राष्ट्रपति ने लोकतंत्र सेनानी के आकस्मिक निधन की सूचना पाकर गहरा शोक जताया। साथ ही परिजनों को हुई अपूर्णनीय क्षति सहन करने का साहस तथा दिवंगत आत्मा को ईश्वर से शांति प्रदान करने की कामना की।