फतेहपुर। अमौली ब्लाक में बुखार से होने वाली मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को एक महिला समेत दो और लोगों की मौत हो गई। इस ब्लाक में अबतक बुखार से मरने वालों का आंकड़ा 60 पहुंच गया है।
जाफरगंज प्रतिनिधि के अनुसार खजुहा ब्लाक के मऊदेव गांव निवासी कल्लू यादव (50) एक सप्ताह से वायरल बुखार की चपेट में थे। इनका इलाज झोलाछाप से चल रहा था।
शनिवार को तबीयत अधिक खराब होने पर परिजनों ने उन्हें कानपुर के नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान शनिवार की देर रात कल्लू यादव की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया गांव में और भी कई लोग वायरल बुखार की चपेट में हैं।
अमौली प्रतिनिधि के अनुसार दपसौरा गांव निवासी मौजीलाल की पत्नी विद्या देवी (55) वायरल से पीड़ित थी। परिजनों ने चार दिन पहले हैलट कानपुर में भर्ती कराया था। हैलट में रविवार को महिला की मौत हो गई। दपसौरा में बुखार से दूसरी मौत से लोगों में दहशत है।