इटावा जिले में भरथना कोतवाली क्षेत्र में ऊमरसेन्डा तुरैया गांव स्थित नहर पुल के पास गुरुवार को युवक व युवती की का शव मिला है। दोनों के सिर में गोली लगी थी। युवक के सीने पर तमंचा रखा हुआ था। घटना की सूचना पर पहुंचे सीओ भरथना साधुराम ने घटनास्थल की जांच की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच में युवक व युवती की मौत की वजह साफ नहीं हुई है। पुलिस हत्या व आत्महत्या दोनों ही बिंदुओ पर जांच कर रही है। ऊमरसेंडा तुरैया गांव के पास स्थित नहर पुल के पास चंद्रपुरा गांव निवासी जोगिंदर सिंह के बेटे अरुण राठौर (21) व पास के ही गांव सलैया निवासी सुरेश चंद्र यादव की बेटी पूनम (20) के शव सुबह 10 बजे ग्रामीणों को पड़े देखे।
इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटनास्थल पर पहुंचे अरुण के परिजनों ने बताया कि 18 अप्रैल को वह अपने ननिहाल बकेवर क्षेत्र के जगमोहनपुर गांव गया था। गुरुवार की सुबह ही एक युवक बाइक पर बैठाकर उसे वहां से लेकर आया था।