यूपी के हरदोई जिले के बिलग्राम में शनिवार दोपहर पुरानी सीएचसी के खंडहर भवन में संदिग्ध हालत में युवत-युवती के शव पड़े मिले। दोनों की सीने में गोली लगी थी। सूचना पर एसपी राजेश द्विवेदी ने घटना स्थल पहुंचकर पड़ताल की। उन्होंने दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होने की बात कही है। कस्बे में पुरानी सीएचसी का भवन खंडहर पड़ा है।
उससे कुछ दूरी पर स्वास्थ्य कर्मियों के आवास बने हैं। दोपहर करीब डेढ़ बजे कुछ लोग पुराने भवन की तरफ पहुंचे, तो उन्हें एक कमरे में युवक-युवती के खून से लथपथ शव पड़े दिखे। लोगों की जानकारी पर स्वास्थ्य कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाल राजवीर सिंह मौके पर पहुंचे। मौके पर जुटी भीड़ ने युवती की शिनाख्त तबस्सुम (23) निवासी मोहल्ला रफैयत गंज बिलग्राम के रूप में की। जबकि युवक की पहचान उसके भाई अनिल ने श्यामू राठौर (25) निवासी मोहल्ला मंडई बिलग्राम के रूप में की।