औरैया जिले में तीन दिन से लापता किसान का शव गेहूं के खेत में पड़ा मिला है। मृतक की पुत्री ने भूंसे के बंटवारे के विवाद में पिता की मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
विज्ञापन
औरैया कोतवाली के भरसेन निवासी 40 वर्षीय सर्वेश कुमार, पुत्र सरवनलाल रविवार शाम से घर नहीं आया था। मंगलवार सुबह उसका शव गांव के बाहर खेतों में पड़ा मिला। घटना की जानकारी पर सीओ सुरेंद्रनाथ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मृतक की पुत्री अंशू ने बताया कि पिता रविवार की रात गेहूं कटाई के बाद निकले भूसा का बंटवारा करने गए थे। यहां पर चाची से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिजनों ने मारपीट कर हत्या करने शव खेत में फेंकने का आरोप लगाया है।
सीओ सुरेंद्र नाथ ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।