कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मड़वाई में शनिवार को कमरे के अंदर विवाहिता फंदे पर लटकी मिली। परिवार के लोग उसे उतार कर जिला अस्पताल लाए। यहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मायके से आए पिता ने बेटी को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है।
मड़वाई निवासी सत्यम यादव की पत्नी रुक्मिणी (25) के फंदा लगाने से मौत हो गई। जानकारी मिलते ही अकबरपुर कोतवाली मौके पर पहुंची। पुलिस को पति सत्यम ने बताया कि वह घर के बाहर था, कुछ देर बाद अंदर पहुंचा तो पत्नी के फंदे पर लटका देखा। इस पर वह परिवार के लोगों के साथ उतार कर अस्पताल लेकर पहुंचा। इधर रुक्मिणी की मौत पर मायके व ससुराल के लोग बिलखते रहे। बेटी की मौत की जानकारी पर पहुंचे पिता जयपाल निवासी खिरियनपुरवा थाना मूसानगर ने पुलिस को बताया कि उसने डेढ़ साल पहले बेटी की शादी सत्यम के साथ की थी। पिता ने पुलिस को बेटी के प्रताड़ित किए जाने की बात कही। कोतवाली प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि पिता ने दहेज के लिए प्रताड़ित कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।