शहर के पुलिसकर्मी उच्चाधिकारियों के आदेश को भी नहीं मानते। ऐसा मामला गुरुवार को बर्रा थाने में आया। एक मामले में डीसीपी साउथ ने बर्रा थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष को कार्रवाई निर्देश दिए, तो दरोगा भड़क गया। पीड़ित से बोला कि अब डीसीपी मैडम से ही केस दर्ज करवा लो। जब इसकी जानकारी हुई, तो तत्काल डीसीपी बर्रा थाने पहुंचीं। दरोगा को जमकर फटकारा। उसके बाद दो घंटे तक जनसुनवाई पर सक्रियता बरतने के लिए दी नसीहत।
बर्रा आठ निवासी रमन कटियार ने बताया कि गुरुवार को एक शख्स उनके घर पर आया। उनकी मां से कहा कि वह उनको लोन करवा देगा। इस दौरान उसने तमाम दस्तावेज उनसे ले लिए और वहां से भाग निकला। इसकी शिकायत करने वह पहले गुजैनी चौकी गए। चौकी इंचार्ज की मौजूदगी न होने की वजह से वह बर्रा थाने पहुंचे। यहां पर मिले दरोगा पंकज सिंह ने उनसे कहा कि दस दिन बाद आना और फिर भगा दिया। तब वह डीसीपी साउथ रवीना त्यागी के दफ्तर पहुंचे।