राजपुर/सिकंदरा। मुगलरोड पर सरदारपुर गांव के पास सोमवार रात एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवारों को डीसीएम ने टक्कर मार घायल कर दिया था। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान एक किसान की मौत हो गई। दूसरे घायल का इलाज चल रहा है। जालौन जिले के थाना सिरसा कलार के सरेनी निवासी किसान देवेंद्र सिंह (45) सोमवार को गांव के इंद्रपाल (55) के साथ बाइक से सिकंदरा थाना क्षेत्र के सरदारपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आ रहा थे। रात आठ बजे के करीब मुगल रोड पर सरदारपुर गांव के पास पहुंचने पर पीछे से आई डीसीएम ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची सिकंदरा पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया। यहां से दोनों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अकबरपुर रेफर कर दिया गया।
जहां देर रात देवेंद्र की मौत हो गई। अनहोनी की जानकारी पर पत्नी रमादेवी, बेटे उपेंद्र, सतेंद्र बिलखते रहे। बेटे उपेंद्र ने बताया कि पिता देवेंद्र गांव निवासी इंद्रपाल के साथ सिकंदरा के सरदारपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। वह खेती किसानी करते थे। सिकंदरा थानाध्यक्ष जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।