कानपुर देहात। कानपुर-झांसी हाईवे पर सोमवार रात को गलत दिशा में आए ट्रक से डीघ कट पर मुड़ने के दौरान झांसी की ओर जा रही डीसीएम टकरा गई। केबिन में स्टेयरिंग व सीट के बीच करीब एक घंटे फंसा रहा। किसी तरह से उसे बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कानपुर नगर के बिठूर थाना क्षेत्र के पंचमपुरवा मंधना निवासी चालक श्रीपाल (39) सोमवार रात को उन्नाव से डीसीएम में प्लास्टिक की सीट लेकर इंदौर जा रहे थे। रात 11 बजे के करीब कानपुर-झांसी हाईवे पर गलत दिशा में आ रहे ईंट लदे ट्रक के डीघ मोड़ में मुड़ने के दौरान उनकी डीसीएम पीछे से टकरा गई। इससे वह गंभीर घायल होकर केबिन में फंस गए। वहीं हादसा होने के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला।
राहगीरों की सूचना पर पहुंचे देवीपुर चौकी प्रभारी अभिषेक चौहान ने हाईवे कर्मियों को सूचना देने के साथ चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे हाईवे कर्मियों ने क्रेन आटा टोल से आने की जानकारी देने के साथ समय लगने की बात कही। इस पर चौकी प्रभारी ने मौके पर ग्राइंडर मंगवाने के साथ दूसरे वाहनों से टोचिंग कर केबिन को बाहर की ओर खिंचवाया। इसके बाद चालक को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां डॉ. निशांत पाठक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनहोनी पर पत्नी रीता पाल, बेटा दीपक, प्रांशू व मृतक के भाई लवकुश, शीलू बिलखते रहे।
इधर हादसे के बाद मौके पर मौजूद डंपर चालक जगतपाल सिंह, हरीश कुमार, यासीन, अखिलेश कुमार, फरहत आदि ने बताया कि हाईवे पर चौरा से लालपुर के बीच में अधिक दुर्घटनाएं होती हैं। इसके बाद भी यहां बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं है। यदि क्रेन व अन्य संसाधन समय पर मुहैया हो जाते तो हादसे में घायल चालक की जान नहीं जाती। भोगनीपुर थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि घटना स्थल पर कई ईंट पड़ी मिलीं हैं। हादसा ईंट लदे वाहन से हुआ है। चालक के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-
21 दिन पहले हुए हादसे से भी नहीं लिया सबक
पुखरायां बाईपास पटेल चौक के समीप 21 दिन पहले गिट्टी लदा ट्राला पलटने से हदसा हो गया है। इसमें बाइक सवार प्रहलाद सचान व कार में सीट व बोनट के नीचे दब जाने से मासूम आरव की मौत हो गई थी। हाईवे व प्रशासन के पास संसाधन नहीं होने के चलते कार में फंसे मासूम को तीन घंटे तक कार से नहीं निकाला जा सका था। इसके बाद क्रेन से कार को 100 मीटर दूर ट्रॉली निर्माण कारखाना में ले जाकर कटवाने के बाद मासूम को मृत अवस्था में बाहर निकाला जा सका था।
...............
अधूरे सर्विस रोड भी बन रहे हादसों का कारण
डीघ चौराहा पर झांसी-कानपुर हाईवे से जगदीशपुर होकर चांदपुर मूसानगर जाने का रोड है। जबकि दूसरी तरफ मुरलीपुर जलालपुर होकर बम्हनौती से बरौर को रोड जाता है। डीघ की तरफ बना सर्विस रोड अधूरा है। इसके चलते जगदीशपुर रोड से आने वाले वाहन हाईवे पर गलत दिशा में निकलते हैं। इसके चलते आए दिन यहां हादसे भी होते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि सर्विस रोड बनाने को लेकर जिम्मेदारों की अनदेखी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।